हाल ही में बालाघाट जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में लगभग 32 बच्चों की मौत की सामने आई चिंताजनक खबरों ने पूरे आदिवासी समाज एवं क्षेत्रवासियों को गहरे दुःख और चिंता में डाल दिया है। विभिन्न रिपोटों में इन घटनाओं के संदर्भ में खसरा, मलेरिया, कुपोषण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उल्लेख सामने आया है।
इस घटना के दृष्टिगत बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बिछिया, घुघरी एवं मवई के दूरस्थ एवं आदिवासी-बैगा बाहुल्य ग्रामों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। विशेषकर ऐसे ग्राम, जहां स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच कठिन है तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण की सुविधा सीमित रूप से उपलब्ध हो पाती है, वहां प्रशासन द्वारा एहतियाती एवं व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाना जनहित में आवश्यक है।
अतः आपसे अनुरोध है कि बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बिछिया, घुघरी एवं मवई के बैगा एवं अन्य आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करवाने हेतु संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें। इन शिविरों में निम्न कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएं-
1. प्रत्येक ग्राम में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्क्रीनिंग की जाए।
2. बच्चों सहित पात्र नागरिकों के टीकाकरण की स्थिति की जांच कर छूटे हुए टीकाकरण को पूर्ण कराया जाए।
3. बच्चों में कुपोषण, बुखार, मलेरिया, खसरा एवं अन्य संक्रामक रोगों की जांच की जाए।
4. गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं छोटे बच्चों का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए।
5. आवश्यकतानुसार रक्त जांच एवं अन्य आवश्यक जांचें मौके पर कराई जाएं तथा गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाए।
6. प्रत्येक ग्राम में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आवश्यक निःशुल्क औषधियां वितरित की जाएं।
7. जिन बच्चों अथवा नागरिकों का टीकाकरण लंबित है, उनका टीकाकरण प्राथमिकता से करवाया जाए।
8. स्वास्थ्य शिविरों के उपरांत भी संबंधित ग्रामों में नियमित स्वास्थ्य निगरानी एवं फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैगा समुदाय एवं अन्य आदिवासी परिवारों के स्वास्थ्य की दृष्टि से यह विषय अत्यंत संवेदनशील है। अतः बालाघाट जैसी चिंताजनक परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूर्व सतर्कता के रूप में तत्काल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना आवश्यक है।
आशा है कि आप इस विषय को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे तथा की गई कार्यवाही से मुझे भी अवगत कराने का कष्ट करेंगे।
Continue With Google
Comments (0)