छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर NSUI का कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल, ज्ञापन सौंपा
​टीकमगढ़। मध्य प्रदेश में लंबे समय से अटके छात्र संघ चुनावों को कराने की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने टीकमगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और स्थानीय नेता किरण अहिरवार की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
​कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए प्रदेश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग रखी।
​कलेक्टर को बुलाने पर अड़े कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता जिला कलेक्टर को खुद मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग पर अड़े रहे। कलेक्टर की गैरमौजूदगी में स्थिति को संभालते हुए प्रशासनिक अधिकारियों—अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम संस्कृति लिटोरिया और तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर—ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया।
​किरण अहिरवार ने सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई नेता किरण अहिरवार ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "प्रदेश सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज से डर रही है और चुनाव कराने के मूड में नहीं दिख रही है।" अहिरवार ने आगे कहा कि पूरे देश में युवा अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, और मध्य प्रदेश में भी छात्र संघ चुनावों की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।