₹20,000 के कर्ज पर वसूले ₹49,000, फिर भी ₹60,000 की अड़ी: सूदखोर की धमकी से सहमा पीड़ित परिवार, कोतवाली में शिकायत
टीकमगढ़। जिला मुख्यालय के थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम धरमपुरा मजरा निवासी एक पीड़ित युवक ने अवैध वसूली (सूदखोरी) और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपी सूदखोर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
स्टाम्प पर फर्जी लिखा-पढ़ी और अवैध ब्याज का खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विशाल कुशवाहा पिता हरिराम कुशवाहा ने करीब 6 माह पूर्व ढोंगा टंकी निवासी रोहित अहिरवार से 5 प्रतिशत ब्याज दर पर ₹20,000 उधार लिए थे। आरोप है कि पैसे देते समय ही आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर छलपूर्वक ₹25,000 की राशि दर्ज करवा ली थी।
मूलधन और ब्याज चुकाने के बाद भी रंगदारी
पीड़ित विशाल कुशवाहा का कहना है कि वह बीते 6 महीनों के भीतर किस्तों और ब्याज के रूप में कुल ₹49,000 आरोपी रोहित अहिरवार को दे चुका है। इसके बावजूद आरोपी का पेट नहीं भरा और वह अब प्रार्थी पर अनुचित दबाव बनाते हुए जबरन ₹60,000 अतिरिक्त देने की मांग कर रहा है।
रास्ते में रोककर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि मना करने पर आरोपी आयदिन रास्ते में रोककर गाली-गलौज करता है और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां देता है। इस दबंगई और प्रताड़ना के कारण पीड़ित का परिवार दहशत के साये में है और उनका घर से निकलना भी दुश्वार हो गया है।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को दिए आवेदन में निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने एवं परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
₹20,000 के कर्ज पर वसूले ₹49,000, फिर भी ₹60,000 की अड़ी: सूदखोर की धमकी से सहमा पीड़ित परिवार, कोतवाली में शिकायत
कर्ज से परेशान लगाई न्याय की गुहार
Continue With Google
Comments (0)